बठिंडा: 27 Nov 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : पंजाब के बठिंडा में करीब 50 करोड़ रुपये की धो*खाधड़ी के मामले में पिछले 9 साल से फरार चल रहे आरोपी राम सिंह को पुलिस ने गिर*फ्तार कर लिया है। आरो*पी ने गिर*फ्तारी से बचने के लिए अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया था। उसने दाढ़ी बढ़ाकर और गातरा पहनकर अमृतधारी सिख का रूप धारण कर लिया था। वह एक शादी समारोह में कीर्तन कर रहा था, तभी पीड़ितों की संस्था के चेयरमैन ने उसे पहचान लिया।
जानकारी के अनुसार, आ*रोपी ने लोगों को निवेश पर 18 प्रतिशत सालाना मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठ*गी की थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। पीड़ितों ने उसके खिलाफ कार्रवाई और अपने पैसे वापस पाने के लिए ‘इंसाफ की लहर खातेदार वेलफेयर सोसायटी’ बनाई थी।
पीड़ितों के चेयरमैन ने पहचानकर पुलिस को दी सूचना
सोसायटी के चेयरमैन गुरभेज सिंह के मुताबिक, 21 नवंबर को उन्हें सूचना मिली थी कि राम सिंह अपने गांव लौट आया है और महिमा भगवानाना गांव में अपने भाई के ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने वाला है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और आरोपी को पहचान लिया। हालांकि उसने अपना हुलिया बदल रखा था।
इसके बाद उन्होंने बठिंडा के एसएसपी से संपर्क किया। पुलिस ने डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम गठित की और सादे कपड़ों में शादी समारोह स्थल पर पहुंच गई। 22 नवंबर को पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। दोपहर करीब 1 बजे राम सिंह शादी समारोह से निकलकर गुरुद्वारे में कीर्तन करने चला गया। पुलिस ने गुरुद्वारे के बाहर उसका इंतजार किया और दोपहर करीब 2:30 बजे बाहर निकलते ही उसे हिरासत में ले लिया।
जीरकपुर में छिपकर रह रहा था आरोपी
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी पिछले नौ साल से जीरकपुर में रह रहा था। फरार होने के बाद उसने दो बार अपना हुलिया बदला। पहले उसने बाल कटवा लिए और बाद में दाढ़ी बढ़ाकर गातरा पहनना शुरू कर दिया। वह कीर्तन करने वाले व्यक्ति के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए था, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
2012 में बनाई थी कंपनी
जांच के मुताबिक, वर्ष 2012 में अमरजीत सिंह ढींगरा, राम सिंह और नवजीत सिंह ने मिलकर ‘सर्व एग्रो इंडिया लिमिटेड’ नाम से कंपनी स्थापित की थी। इसका मुख्य कार्यालय बठिंडा के गुरु गोबिंद सिंह नगर स्थित निर्मल कॉम्प्लेक्स में था। बाद में कंपनी ने पंजाब के कई शहरों में अपनी शाखाएं भी खोलीं।
खुंब फार्म दिखाकर जीता निवेशकों का भरोसा
कंपनी ने महिमा सरजा गांव के पास मशरूम के तीन फार्म और एक कंपोस्ट प्लांट स्थापित किया था। इसके अलावा मधुमक्खी पालन और होटल कारोबार से जुड़े होने का दावा भी किया जाता था। कंपनी संचालक लोगों को फार्म दिखाते और होटलों में बैठकें आयोजित कर निवेश के लिए प्रेरित करते थे।
कंपनी ने निवेशकों को 18 प्रतिशत सालाना ब्याज देने का वादा किया था। लोगों को उदाहरण देकर बताया जाता था कि 30 हजार रुपये का निवेश पांच साल में बढ़कर 99 हजार रुपये हो जाएगा। इस तरह बड़ी संख्या में लोगों ने कंपनी में पैसा लगाया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह इतने सालों तक कहां रहा और ठ*गी की रकम कहां छिपाई गई है।













