Home Haryana panchkula accused arrested firing case police | फायरिंग के मामले में एक...

panchkula accused arrested firing case police | फायरिंग के मामले में एक आरोपी काबू: पुलिस ने बरामद किए अवैध हथियार और लाइसेंसी दोनाली; मामले का होगा खुलासा – Panchkula News

हरियाणा के पंचकूला की पुलिस ने अवैध हथियार रखने और खुलेआम फायरिंग करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक लाइसेंसी दोनाली बंदूक, दो खाली रौंद और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया है।

पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज द्वारा दिए गए अपराध नियंत्रण के निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए यह गिरफ्तारी की गई है।

पुलिस को दी शिकायत में प्यारेलाल (उम्र 47 वर्ष), निवासी गांव भोगपुर, पिंजौर ने बताया कि वह और उसका साथी नाजिर उर्फ बिल्लु, जो कि ‘चौधरी प्रॉपर्टी डीलर’ के नाम से भोगपुर मल्लाह रोड पर ऑफिस चलाते हैं, 22 अप्रैल को ऑफिस में बैठे थे। तभी महताब सिंह, निवासी मकान नंबर 24, भोगपुर, काली मोटरसाइकिल पर आया और उनसे बहस करने लगा।

महताब ने बहस के दौरान देशी कट्टा निकाल कर नाजिर की कनपटी पर तान दिया। लेकिन नाजिर ने साहस दिखाते हुए कट्टा छीन लिया और दोनों में धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद महताब वहां से चला गया लेकिन थोड़ी देर बाद अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक लेकर लौट आया और ऑफिस के बाहर 2-3 फायर किए तथा जान से मारने की धमकी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्राइम सीन टीम को भी बुलाया गया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर प्रीतम ने गुप्त सूचना के आधार पर 23 अप्रैल को आरोपी महताब सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ थाना पिंजौर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(A), 27(2) और भारतीय दंड संहिता की धारा 115 व 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।