Home Hindi दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान के हाईजैक की खबर से...

दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान के हाईजैक की खबर से मचा हड़कंप, बाद में सामने आई पूरी सच्चाई

September 30,2026 Fact Recorder

International Desk: दुबई से तेल अवीव जा रहे एक यात्री विमान के हाईजैक होने की खबर से बुधवार को अचानक हड़कंप मच गया। विमान से आपातकालीन संकेत मिलने के बाद इजरायल में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू तथा रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने स्थिति की समीक्षा के लिए आपात बैठक बुलाई। हालांकि, बाद में इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि विमान का अपहरण नहीं हुआ था।

इमरजेंसी सिग्नल से पैदा हुआ भ्रम

रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाईदुबई का विमान दुबई से सुबह करीब 7:05 बजे रवाना हुआ था और उसे लगभग 9:30 बजे तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उतरना था। उड़ान के दौरान विमान ने इमरजेंसी सिग्नल प्रसारित किया। कुछ समय के लिए विमान की दिशा भी बदली गई, जिससे उसके हाईजैक होने की आशंका पैदा हो गई।

विमान ने कोड 7700 प्रसारित किया, जो सामान्य अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन संकेत है। इसके बाद कोड 7500 प्रसारित होने की खबर सामने आई, जिसे विमान अपहरण के संकेत के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद इजरायली सुरक्षा तंत्र में चिंता बढ़ गई।

विमान को सऊदी अरब की ओर मोड़ा गया

आपात संकेत मिलने के बाद विमान ने अपना मार्ग बदल लिया और सऊदी अरब की दिशा में चला गया। उसकी उड़ान ऊंचाई भी कम की गई। स्थिति को देखते हुए इजरायली लड़ाकू विमानों को भी सक्रिय किया गया।

बाद में सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विमान सुरक्षित है और उसके सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर उतरने की उम्मीद है। विमान सुरक्षित रूप से लैंड करने के बाद सामान्य फ्लाइट-ट्रैकिंग ऐप पर भी दोबारा दिखाई देने लगा।

पायलटों के बीच विवाद की वजह से भेजा गया सिग्नल

फ्लाईदुबई की ओर से बाद में बताया गया कि विमान से इमरजेंसी सिग्नल पायलटों के बीच हुई लड़ाई/विवाद के कारण भेजा गया था। एक सुरक्षा सूत्र ने भी स्पष्ट किया कि विमान के अपहरण की कोई पुख्ता जानकारी नहीं थी और पायलट की ओर से संकट संकेत भेजा गया था।

इस घटनाक्रम के कारण कुछ समय के लिए विमान हाईजैक होने की आशंका ने गंभीर रूप ले लिया था, लेकिन बाद में विमान के सुरक्षित उतरने और घटना की वास्तविक वजह सामने आने के साथ स्थिति स्पष्ट हो गई।