01 जुलाई 2026 Fact Recorder
Business Desk: नई दिल्ली। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। निजी क्षेत्र की तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती का एलान किया है। कंपनी की नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। अब लोगों की नजरें सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) पर टिकी हैं कि वे भी कीमतों में बदलाव करती हैं या नहीं।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। इस फैसले का लाभ देशभर में कंपनी के करीब 7,000 पेट्रोल पंपों पर मिलने लगेगा।
हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों की ओर से फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी बदलाव की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में उपभोक्ता अब IOC, BPCL और HPCL के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।
नायरा एनर्जी का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखी जा रही है। माना जा रहा है कि इसी के चलते कंपनी ने उपभोक्ताओं को राहत देने का निर्णय लिया है। यदि अन्य तेल कंपनियां भी कीमतों में कटौती करती हैं, तो देशभर के करोड़ों वाहन चालकों को इसका सीधा लाभ मिल सकता है।













