‘मस्क अपनी दुकान समेटें और दक्षिण अफ्रीका लौट जाएं’ — ट्रंप की टेस्ला सब्सिडी रोकने की चेतावनी

01 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

International Desk: एलन मस्क पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप, दी टेस्ला की सब्सिडी रोकने और “दक्षिण अफ्रीका लौटने” की धमकी                                                                                                                अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच टकराव और गहराता दिख रहा है। एलन मस्क द्वारा ट्रंप के ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ की खुलकर आलोचना के बाद अब ट्रंप ने मस्क को सीधी चेतावनी दे डाली है। ट्रंप ने कहा है कि अगर वे दोबारा सत्ता में आते हैं, तो मस्क को मिलने वाली सरकारी सब्सिडी बंद कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, ट्रंप ने यह तक कह दिया कि मस्क को अपनी कंपनियां बंद कर “दक्षिण अफ्रीका वापस लौट जाना चाहिए।”

ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“मस्क को पहले से पता था कि मैं इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) जनादेश के खिलाफ हूं। इलेक्ट्रिक कारें ठीक हैं, लेकिन उन्हें हर किसी पर थोपना ठीक नहीं। मस्क को इतिहास में किसी भी व्यक्ति से ज्यादा सब्सिडी मिली है और अगर ये सब्सिडी बंद हो जाए तो उन्हें अपनी दुकान समेटनी पड़ेगी।”
उन्होंने आगे लिखा, “न कोई रॉकेट लॉन्च होगा, न सैटेलाइट भेजे जाएंगे और न ही इलेक्ट्रिक कारें बनेंगी। इससे देश का अरबों डॉलर बचेगा।”

मस्क की तीखी प्रतिक्रिया
यह बयान ऐसे समय आया है जब एलन मस्क ने ट्रंप के ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया पर कहा था कि जो भी सांसद इस बिल का समर्थन करेंगे, उन्हें अगले साल प्राइमरी चुनाव में हार का सामना करना पड़ सकता है। मस्क ने इसे देश के इतिहास में सबसे बड़ी कर्ज वृद्धि बताई और कहा कि कांग्रेस के उन सभी सदस्यों को “शर्म आनी चाहिए” जो इसे समर्थन दे रहे हैं।

मस्क ने यह भी संकेत दिया कि यदि यह बिल पास होता है, तो वे अपनी नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च कर सकते हैं। उनका कहना है कि अमेरिका को डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन के अलावा एक तीसरे विकल्प की जरूरत है, जो जनता की असली आवाज को उठाए।

क्या है ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’?
ट्रंप का ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ सरकारी खर्च में कटौती, सब्सिडियों के पुनर्मूल्यांकन और कुछ क्षेत्रों में खर्च की समीक्षा से जुड़ा है। मस्क इस बिल को अमेरिका के भविष्य के लिए खतरा मानते हैं, खासकर टेक और इनोवेशन सेक्टर के लिहाज से।