4 August 2026 Fact Recorder
National Desk: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण करने वाली ILGIM कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग बुझाने के दौरान कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य दमकलकर्मी घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन राहत एवं बचाव अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
दीवार और बीम गिरने से हुआ हादसा
आग बुझाने के दौरान कंपनी की एक तरफ की दीवार और छत का लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से पांच फायर सर्विस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
तीन फायरकर्मी खतरे से बाहर
हादसे में घायल मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत अब खतरे से बाहर है।
जांच में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। मलबे की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। इसी दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम बाहर की ओर गिर गया, जिससे दमकलकर्मी उसकी चपेट में आ गए।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।













