Home Hindi कोलंबिया में 7.4 तीव्रता का भीषण भूकंप, 111 लोगों की मौ*त; सैकड़ों...

कोलंबिया में 7.4 तीव्रता का भीषण भूकंप, 111 लोगों की मौ*त; सैकड़ों घायल

August 11, 2026 Fact Recorder
International Desk:  कई इमारतें ढहीं, घरों से बाहर निकले लोग; राहत और बचाव कार्य जारी                                                                    पश्चिमी कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप के कारण अब तक 111 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। कई इमारतें ढह गईं और बड़ी संख्या में इमारतों को नुकसान पहुंचा है। भूकंप के झटके पड़ोसी देशों इक्वाडोर और पनामा में भी महसूस किए गए।
कोलंबिया के भूवैज्ञानिक सेवा केंद्र के अनुसार, यह पिछले एक दशक में देश में दर्ज किया गया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। मुख्य भूकंप के बाद 2.8 और 4.8 तीव्रता के दो आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप का केंद्र राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में चोको क्षेत्र की सैन जोस डेल पालमार नगरपालिका में था। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 107 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है।
रिसाराल्दा, वाले डेल काउका, चोको, कालदास और एंटिओकिया समेत कई क्षेत्रों में जान-माल का नुकसान हुआ है। परेरा, काली, क्विब्दो और मनीजालेस शहरों में भी भूकंप का व्यापक असर देखने को मिला। कई इलाकों में घरों और छोटी इमारतों के ढहने की खबर है।
काली और मनीजालेस में भारी नुकसान
कोलंबिया के प्रमुख शहर काली में कई इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। तेज झटकों के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।
मनीजालेस में एक ऐतिहासिक चर्च का टावर गिरने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं, क्विब्दो शहर में कई लोगों के घायल होने और इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचने की सूचना है।
सरकार ने तेज किए राहत और बचाव अभियान
भूकंप के बाद सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की मदद कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से आफ्टरशॉक के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने और क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने की अपील की है।
भूकंप के शक्तिशाली झटकों के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में जान-माल के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।