अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सेरी मंच में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
मंडी, 21 जून 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक सेरी मंच मंडी में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। योग से बच्चों में अनुशासन और एकाग्रता बढ़ती है, युवाओं में आत्मविश्वास का विकास होता है तथा कामकाजी लोगों के तनाव को कम करने में भी यह सहायक है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी योग स्वस्थ और सक्रिय जीवन का आधार बन सकता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग सत्र की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम से की गई। डॉ. प्रिया ने खड़े होकर किए जाने वाले विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया, जबकि फार्मासिस्ट अशोक कुमार ने बैठकर किए जाने वाले योगासनों की जानकारी दी और उनका अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, मंडूकासन, वज्रासन, वक्रासन और भद्रासन सहित कई योगासनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही प्राणायाम और शांति पाठ भी कराया गया। नवोत्थान सेवाधाम एनजीओ के राजकमल, आर्ट ऑफ लिविंग की माया वर्धन तथा योग गाइड रेखा और सोनी ने योगासनों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक मंडी सदर अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, नगर निगम पार्षद सुमन, जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजय शर्मा, आयुष विभाग के चिकित्सक, जिले के गणमान्य नागरिक, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी, वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी, आईटीआई के प्रशिक्षक एवं विद्यार्थी तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने योगाभ्यास में भाग लिया।













