होशियारपुर: 26 June 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : पंजाब के होशियारपुर में एक बड़ी चो*री की घटना सामने आई है। शहर के प्रसिद्ध उद्योगपति और जैन समाज से जुड़े अशोक जैन के घर से करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, कीमती आभूषण घर की पहली मंजिल पर बने पूजा कक्ष में रखी अलमारी के लॉकर में सुरक्षित रखे गए थे। इनमें लगभग एक किलो सोने के गहने और दो हीरे के सेट शामिल थे, जिन्हें परिवार की विरासत का हिस्सा बताया जा रहा है।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह अशोक जैन की पत्नी तृप्ता जैन पूजा कक्ष में पहुंचीं। अलमारी खोलने पर लॉकर खुला मिला और जांच करने पर आभूषण गायब पाए गए। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके से पुलिस को बिजली के तार का एक टुकड़ा, दो सेल और एक चुंबक भी मिला है। शुरुआती आशंका है कि चोरों ने लॉकर खोलने के लिए इन वस्तुओं का इस्तेमाल किया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि चोरी में शामिल आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही इस चो*री का खुलासा होने की उम्मीद है।













