22 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: गुरुग्राम में पहली बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा मंत्रिमंडल की अहम बैठक आयोजित की गई। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई इस बैठक में राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी।
कैबिनेट ने 27 अप्रैल को हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। इस विशेष सत्र में ‘हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज रिक्रूटमेंट एंड कंडीशंस ऑफ सर्विस बिल 2026’ पेश किया जाएगा, जिसे मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है।
बैठक में कॉमन कैडर के ग्रुप-डी कर्मचारियों के प्रमोशन नियमों में भी बड़ा बदलाव किया गया। अब 5 साल या उससे अधिक सेवा पूरी कर चुके ग्रुप-डी कर्मचारी क्लर्क पद पर पदोन्नति के लिए पात्र होंगे। इसके अलावा, क्लर्क पद पर प्रमोशन का कोटा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया गया है। साथ ही 5 प्रतिशत एक्स-ग्रेशिया पदों का प्रावधान भी जोड़ा गया है।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल की संसदीय घटनाओं ने विपक्ष की सोच को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल महिलाओं को केवल वोट बैंक मानते हैं और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में पर्याप्त स्थान नहीं देते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी उनका अधिकार है, किसी की कृपा नहीं। उन्होंने परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी भी राज्य के प्रतिनिधित्व में कोई कमी नहीं आने वाली है।













