September 29,2026 Fact Recorder
Punjab Desk : फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार, 26 सितंबर की देर रात यौन उत्पीड़न से जुड़ी अफवाहों के बाद हुए हंगामे की पुलिस जांच जारी है। इस दौरान तोड़फोड़, आगजनी और वाहनों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आई थीं। अब पुलिस एक कथित वायरल मैसेज की भी जांच कर रही है, जिसके आधार पर पूरे घटनाक्रम के पीछे पूर्व नियोजित साजिश की आशंका जताई जा रही है।
हंगामे से पांच दिन पहले सामने आया था मैसेज
पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर एक मैसेज घटना से करीब पांच दिन पहले Reddit के माध्यम से यूनिवर्सिटी के एक गर्ल्स हॉस्टल तक पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इसके बाद यह मैसेज अन्य छात्रों तक भी प्रसारित हुआ।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मैसेज किसने तैयार किया, इसे सबसे पहले किस अकाउंट से साझा किया गया और किस तरह यह कैंपस में फैला। साइबर सेल डिजिटल माध्यमों से इसके स्रोत की जांच कर रही है।
मैसेज में छात्रा से दु*ष्कर्म और आ*त्महत्या का दावा
कथित वायरल मैसेज में एक छात्रा के साथ हॉस्टल में दु*ष्कर्म और उसके दो दिन बाद आ*त्महत्या करने का दावा किया गया था। फिलहाल पुलिस इस दावे की सत्यता और मैसेज के स्रोत की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां कथित तौर पर मैसेज को हॉस्टल तक पहुंचाने वाले डिजिटल स्रोत और IP एड्रेस से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मैसेज किसने प्रसारित किया था और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।
अफवाह के बाद बिगड़े हालात
यौन उत्पीड़न की अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र विरोध प्रदर्शन के लिए जुट गए। स्थिति बिगड़ने पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस की कुछ गाड़ियों समेत वाहनों को आग के हवाले किए जाने और मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं।
यूनिवर्सिटी ने आरोपों को बताया अफवाह
यूनिवर्सिटी की ओर से छात्रा के साथ दु*ष्कर्म और आ*त्महत्या से जुड़े दावों को अफवाह बताया गया है। विश्वविद्यालय ने इन दावों को खारिज किया है। ऐसे में पुलिस अब वायरल मैसेज की सत्यता, उसके स्रोत और उसके बाद हुए घटनाक्रम के बीच संबंध की जांच कर रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। वायरल मैसेज में किए गए दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।











