Home Haryana कैथल में युवक का अपहरण कर मांगी फिरौती: फिंगरप्रिंट का बहाना बनाकर...

कैथल में युवक का अपहरण कर मांगी फिरौती: फिंगरप्रिंट का बहाना बनाकर ले गए जम्मू, कनाडा भेजने का दिया झांसाl

23/April/2025 Fact Recorder

कैथल के गांव सीणंद में दो आरोपियों ने युवक को विदेश भेजने के नाम पर घर से बाहर बुलाकर अपहरण कर लिया। बाद में परिजनों को फोन करके 12 लाख रुपए की फिरौती मांगी। फोन पर युवक के पिता को धमकी दी कि अगर जल्द रुपए नहीं भेजे तो उसके बेटे को जान से मार देंगे।

पहले दस्तावेज ले लिए

गांव सीणंद निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा अंकित विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उन्होंने गांव उझाना निवासी अंकित व धमतान निवासी सोनू से बातचीत की। ये दोनों युवाओं को विदेश भिजवाने का काम करते हैं। दोनों ने उसके बेटे को विदेश भेजने के लिए 18 लाख रुपए मांगे। इस पर उन्होंने हामी भर दी। आरोपियों ने उसके बेटे के दस्तावेज ले लिए और जल्द विदेश भेजने की बात कही।

जम्मू में किया अपहरण

20 अप्रैल को दोनों आरोपी उसके बेटे को घर से यह कहकर अपने साथ ले गए कि इसके फिंगरप्रिंट करवाने हैं, ताकि जल्द से जल्द वीजा लग सके। बाद में आरोपी उसके बेटे को कहीं बाहर ले गए और वहां से उसे जम्मू ले गए। अब आरोपियों ने वहां पर उसके बेटे को अपहरण कर लिया है और उससे फोन करके 12 लाख रुपए फिरौती मांग रहे हैं।

हालांकि शुरू में आरोपियों ने 25 लाख रुपए की मांग की थी, लेकिन बाद में 12 लाख रुपए देकर उसके बेटे को छोड़ने की बात कही है। साथ ही धमकी दी है कि अगर जल्द रुपए नहीं दिए तो उसके बेटे को जान से मार देंगे।

कलायत थाना के जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।