Home Haryana जींद से देश को मिली पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात, पीएम मोदी...

जींद से देश को मिली पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात, पीएम मोदी बोले- ‘घेवर का स्वाद नहीं बदला, लेकिन जींद के तेवर बदल गए’

17 July 2026 Fact Recorder

Haryana Desk:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने करीब 15 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

अपने संबोधन की शुरुआत हरियाणवी अंदाज में “राम-राम” कहकर करते हुए प्रधानमंत्री ने जींद से जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि संगठन के दिनों में वह अक्सर जींद आया करते थे और यहां के लोगों का अपनापन आज भी उन्हें याद है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “जींद का घी और घेवर का स्वाद तो नहीं बदला, लेकिन जींद के तेवर जरूर बदल गए हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जींद और पूरा हरियाणा विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहली हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन के साथ जींद और हरियाणा का नाम भारतीय रेलवे के इतिहास में दर्ज हो गया है।

उन्होंने बताया कि 19वीं सदी में रेलवे की पहचान भाप के इंजन से थी, 20वीं सदी में डीजल और बिजली से चलने वाली ट्रेनें आईं, जबकि 21वीं सदी हाइड्रोजन तकनीक की रेल का दौर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि फिलहाल यह ट्रेन 90 किलोमीटर के रूट पर चलेगी, लेकिन भविष्य में इसके विस्तार और तकनीक को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।