गुवाहाटी, 24 जून 2026 Fact Recorder
International Desk: जापान की प्रधानमंत्री सनई ताकाइची का प्रस्तावित असम दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने असम सरकार को आधिकारिक सूचना दी है। अब जापानी प्रधानमंत्री का आगामी भारत दौरा केवल नई दिल्ली तक सीमित रहेगा।
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य सरकार को मंगलवार रात इस बदलाव की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जापानी प्रधानमंत्री के स्वागत और भारत-जापान शिखर सम्मेलन की तैयारियां गुवाहाटी में जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन कार्यक्रम में अचानक बदलाव कर दिया गया।
सरमा ने कहा कि दौरा स्थगित किए जाने के पीछे की सटीक वजह राज्य सरकार को नहीं बताई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के राजनयिक मामलों में राज्य सरकार सीधे तौर पर कारण नहीं पूछ सकती। उन्होंने कहा कि इस विषय पर अधिक जानकारी उन्हें नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात के बाद ही मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, जापानी पक्ष ने संकेत दिया है कि भविष्य में जापानी व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल के असम दौरे के लिए नई तारीख तय की जा सकती है। इससे दोनों पक्षों के बीच सहयोग और निवेश संबंधी गतिविधियां जारी रहने की उम्मीद है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जापानी प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम और कुछ लॉजिस्टिक कारणों के चलते भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन को गुवाहाटी के बजाय नई दिल्ली में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सनई ताकाइची 1 से 3 जुलाई तक भारत दौरे पर रहेंगी। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा।
सूत्रों के अनुसार, जापान में संसद का सत्र और अन्य घरेलू जिम्मेदारियां भी कार्यक्रम में बदलाव का एक कारण हो सकती हैं। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह दूसरी बार है जब किसी जापानी प्रधानमंत्री का प्रस्तावित असम दौरा स्थगित हुआ है। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का दौरा भी नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के विरोध प्रदर्शनों के कारण रद्द कर दिया गया था।
दौरा स्थगित होने के बावजूद मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि गुवाहाटी में चल रहे नियमित विकास और सौंदर्यीकरण कार्य जारी रहेंगे। हालांकि सम्मेलन को ध्यान में रखकर किए जा रहे कुछ विशेष इंतजाम फिलहाल रोक दिए गए हैं।













