September 15,2026 Fact Recorder
Sports Desk: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मंगलवार, 15 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मैच में शानदार जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। हालांकि, दूसरे मुकाबले से पहले टीम इंडिया के सामने कुछ अहम सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल संजू सैमसन और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी में से किसी एक को प्लेइंग-11 में शामिल करने को लेकर है। वहीं, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के चोटिल होकर पूरी सीरीज से बाहर होने के बाद उनकी जगह कौन लेगा, इस पर भी निगाहें रहेंगी।
क्या सैमसन की जगह वैभव को मिलेगा मौका?
पहले टी20 में संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की थी, लेकिन वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। इसके बावजूद भारत ने अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मुकाबला आसानी से जीत लिया।
अभिषेक शर्मा ने तूफानी पारी खेलकर अपनी फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया, जबकि ईशान किशन ने भी 33 गेंदों पर 42 रन की उपयोगी पारी खेली। ऐसे में टीम संयोजन को देखते हुए प्लेइंग-11 में बदलाव की ज्यादा जरूरत नहीं थी, लेकिन वरुण चक्रवर्ती के बाहर होने से एक बदलाव तय माना जा रहा है।
ऐसे में टीम प्रबंधन संजू सैमसन को आराम देकर वैभव सूर्यवंशी को मौका दे सकता है। अगर ऐसा होता है तो वैभव, अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। हालांकि, एक मैच के बाद सैमसन को बाहर करने का फैसला आसान नहीं होगा।
वरुण की जगह रवि बिश्नोई को मिल सकता है मौका
दूसरे टी20 से ठीक पहले वरुण चक्रवर्ती के चोटिल होने से भारत को बड़ा झटका लगा है। वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह रवि बिश्नोई को प्लेइंग-11 में शामिल किए जाने की संभावना है।
वरुण ने पहले मुकाबले में वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था, जबकि जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने भी अफगानिस्तान के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। अर्शदीप ने 19 रन देकर तीन विकेट हासिल किए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पांचवें गेंदबाज की कमी बनी चिंता
पहले मैच में भारत की जीत के बावजूद पांचवें गेंदबाजी विकल्प की समस्या साफ दिखाई दी। हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के कारण टीम के पास अतिरिक्त भरोसेमंद गेंदबाजी विकल्प की कमी है।
नीतीश कुमार रेड्डी ने दो ओवर में 30 रन खर्च किए, जबकि शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में 21 रन दिए। हालांकि, अर्शदीप, बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण के अच्छे प्रदर्शन की वजह से इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा। लेकिन आने वाले बड़े मुकाबलों और एशियाई खेलों से पहले टीम प्रबंधन को इस समस्या का समाधान करना होगा।
अफगानिस्तान के सामने वापसी की चुनौती
पहले मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम भारत के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई। बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। दूसरे मैच में उसे चुनौती पेश करने के लिए बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
तेज गेंदबाज नवीन उल हक पर भी नजरें रहेंगी। वह चोट से वापसी कर रहे हैं और पहले मुकाबले में पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण मैदान पर नहीं उतर सके थे।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी/संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, रवि बिश्नोई।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), गुलबदिन नईब, सेदिकुल्लाह अटल, डारविश रसूली, अजमातुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी।
मैच से जुड़ी अहम जानकारी
- मुकाबला: भारत बनाम अफगानिस्तान, दूसरा टी20
- तारीख: 15 सितंबर 2026
- स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली
- समय: शाम 7:30 बजे
- टॉस: शाम 7:00 बजे
- टीवी प्रसारण: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क













