5 August 2026 Fact Recorder
Sports Desk: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जाने वाला पहला टेस्ट मैच टीम इंडिया के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। इस मुकाबले के साथ भारत अपने टेस्ट क्रिकेट इतिहास का 600वां टेस्ट मैच खेलेगा। इसके साथ ही भारत टेस्ट क्रिकेट में 600 मैच खेलने वाला एशिया का पहला और दुनिया का तीसरा देश बन जाएगा।
भारत से पहले केवल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ही इस उपलब्धि तक पहुंचे हैं। इंग्लैंड अब तक 1,097 टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया 882 टेस्ट मैच खेल चुका है। ऐसे में गॉल टेस्ट भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ देगा।
भारत ने अपना पहला टेस्ट मैच वर्ष 1932 में खेला था। उस समय टीम की कप्तानी सीके नायडू ने की थी। पिछले 94 वर्षों के दौरान भारतीय टेस्ट टीम का नेतृत्व 38 अलग-अलग कप्तानों ने किया है। इनमें मंसूर अली खान पटौदी, कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गज कप्तान शामिल रहे हैं। अब इस ऐतिहासिक मुकाबले में टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी।
टीम इंडिया ने अब तक 599 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 186 में जीत, 188 में हार और बाकी मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। भारत का टेस्ट जीत प्रतिशत करीब 31.13 रहा है।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारत का प्रदर्शन भी सकारात्मक रहा है। उनकी अगुवाई में टीम ने अब तक 9 टेस्ट मैचों में 5 जीत दर्ज की हैं, जबकि 3 मुकाबलों में हार का सामना किया है। वहीं श्रीलंका के खिलाफ भारत पिछले छह टेस्ट मैचों में अजेय रहा है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि टीम इंडिया अपने 600वें टेस्ट को यादगार जीत के साथ खास बना सकती है।













