Home Hindi घरों में बर्तन मांजने वाली महिला बनी विधायक: आउसग्राम से कलिता मांझी...

घरों में बर्तन मांजने वाली महिला बनी विधायक: आउसग्राम से कलिता मांझी की ऐतिहासिक जीत, 1 लाख से ज्यादा वोट हासिल

06 May 2026 Fact Recorder

National Desk:  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है। पश्चिम बंगाल की आउसग्राम सीट से बीजेपी की उम्मीदवार कलिता मांझी ने शानदार जीत दर्ज कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली मांझी पहले घरों में बर्तन साफ करने और घरेलू काम करके गुजारा करती थीं, लेकिन अब वह विधायक बन चुकी हैं।

गुस्कारा इलाके की रहने वाली कलिता मांझी चार घरों में काम करके करीब 2,500 रुपये महीना कमाती थीं। इसके बावजूद उन्होंने लोगों से जुड़ाव और मेहनत के दम पर राजनीति में अपनी पहचान बनाई। इस चुनाव में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी श्यामा प्रसन्ना लोहार को 12,535 वोटों से हराया और कुल 1,07,692 वोट हासिल किए।

यह पहली बार नहीं था जब उन्होंने चुनाव लड़ा। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। पार्टी ने भी उन पर भरोसा बनाए रखा और इस बार उनकी मेहनत रंग लाई।

जीत के बाद भी मांझी की सादगी बरकरार है। जीत का प्रमाण पत्र लेने के बाद उन्होंने घर आकर साधारण भोजन किया और अगले ही दिन फिर से अपने घरेलू कामों में जुट गईं। उनका कहना है कि वह अपने जैसे गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए काम करना चाहती हैं।

कलिता मांझी ने बताया कि नरेंद्र मोदी के भाषणों से प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा। घरेलू काम के साथ-साथ उन्होंने पार्टी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में 206 सीटें जीतीं और राज्य में सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच गई। यह परिणाम राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।

कलिता मांझी की कहानी यह दिखाती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को सच कर सकता है।