Home Business मिडिल ईस्ट संकट के बीच सरकार अलर्ट, वित्त मंत्री ने दिया ‘3Fs’...

मिडिल ईस्ट संकट के बीच सरकार अलर्ट, वित्त मंत्री ने दिया ‘3Fs’ फॉर्मूला

25 May 2026 Fact Recorder

Business Desk:  Nirmala Sitharaman ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच देश की अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ा संदेश दिया है। मुंबई में Small Industries Development Bank of India (SIDBI) के 37वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में भारत को फ्यूल, फर्टिलाइजर और फॉरेक्स यानी ‘3Fs’ पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

वित्त मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और उर्वरकों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से चुनौतियां पैदा हुई हैं। साथ ही सोने की ऊंची कीमतों का असर विदेशी मुद्रा भंडार पर भी पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती करने से सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने Narendra Modi की ईंधन बचाने की अपील को मौजूदा परिस्थितियों में बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश में अनावश्यक डर और नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि भारत की घरेलू अर्थव्यवस्था अब भी मजबूत स्थिति में है।

सीतारमण ने कहा कि सरकार की नीतियां आर्थिक विकास और महंगाई नियंत्रण के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं। उनके अनुसार मौजूदा संकट मुख्य रूप से बाहरी कारणों की वजह से है और भारत इससे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

वित्त मंत्री ने एमएसएमई सेक्टर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लगभग 8.1 लाख करोड़ रुपये के भुगतान लंबित हैं, जिससे उनकी कार्यशील पूंजी और कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सार्वजनिक उपक्रमों से 45 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की।