Home Business Gold–Silver Price Today: सर्राफा बाजार में दबाव बरकरार, चांदी ₹14,000 लुढ़की, सोना...

Gold–Silver Price Today: सर्राफा बाजार में दबाव बरकरार, चांदी ₹14,000 लुढ़की, सोना भी ₹1,500 सस्ता

06 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

बिजनेस डेस्क: सर्राफा बाजार में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेज कमजोरी देखने को मिली। चांदी की कीमतों में जहां करीब ₹14,000 प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, वहीं सोना भी ₹1,500 से ज्यादा सस्ता हो गया।

शुरुआती कारोबार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना फिसलकर करीब ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। दूसरी ओर, चांदी की कीमत गिरकर ₹2.33 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई। इससे पहले गुरुवार को भी सर्राफा बाजार में भारी दबाव देखने को मिला था।

बीते कारोबारी सत्र में चांदी करीब ₹30,300 टूटकर ₹2.68 लाख प्रति किलो पर बंद हुई थी, जबकि सोना लगभग ₹4,500 सस्ता होकर ₹1.60 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया था। लगातार गिरावट से निवेशकों और कारोबारियों दोनों में सतर्कता बढ़ गई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो वहां भी सोने-चांदी पर दबाव साफ नजर आया। डॉलर के दो सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचने और अमेरिका-चीन व्यापार तनाव में नरमी के संकेतों के बीच कीमती धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। मजबूत डॉलर के कारण अन्य मुद्राओं में सौदा करने वाले निवेशकों के लिए सोना महंगा पड़ने लगा, जिससे मांग कमजोर हुई।

स्पॉट गोल्ड करीब 2.5% गिरकर 4,838.81 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि अप्रैल डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 1.9% टूटकर 4,855.60 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए। चांदी में गिरावट और भी ज्यादा तेज रही। स्पॉट सिल्वर की कीमत करीब 14.9% लुढ़ककर 74.94 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। गौरतलब है कि महज एक हफ्ते पहले ही चांदी ने 121.64 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था।

लगातार उतार-चढ़ाव के बीच बाजार विशेषज्ञ फिलहाल निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।