Home Hindi आतंकी संग पीड़ित की बराबरी मंजूर नहीं: जयशंकर

आतंकी संग पीड़ित की बराबरी मंजूर नहीं: जयशंकर

08 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

National Desk: आतंक के खिलाफ भारत का कड़ा संदेश, जयशंकर बोले- हम बुराई करने वालों को पीड़ितों के बराबर नहीं रखेंगेविदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी के साथ मुलाकात में आतंकवाद पर भारत की स्पष्ट नीति दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ (Zero Tolerance) की नीति पर चलता है और अपने सहयोगी देशों से भी यही उम्मीद करता है कि वे इसे समझें और समर्थन करें। जयशंकर ने स्पष्ट किया कि भारत कभी भी आतंक फैलाने वालों को उनके शिकार यानी पीड़ितों के बराबर नहीं रखेगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई सैन्य झड़पों के बाद कुछ देशों ने दोनों को एक ही नजर से देखा, जिससे भारत में असहजता बढ़ी।

ब्रिटिश विदेश मंत्री की भारत यात्रा
ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड लैमी शनिवार को भारत पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। पीएम मोदी ने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में ब्रिटेन के समर्थन की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के बाद कहा कि भारत-ब्रिटेन की रणनीतिक साझेदारी तेजी से मजबूत हुई है और हाल ही में संपन्न मुक्त व्यापार समझौते (FTA) ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने लैमी के योगदान की भी सराहना की और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर को भारत आने का न्योता दोहराया।

FTA और DCC को बताया मील का पत्थर
जयशंकर ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और दोहरे अंशदान समझौते (DCC) को द्विपक्षीय रिश्तों का ‘रणनीतिक मील का पत्थर’ बताया। डेविड लैमी ने भी कहा कि FTA से दोनों देशों के बीच साझेदारी की एक नई शुरुआत हुई है। लैमी भारत दौरे से पहले पाकिस्तान भी जा चुके हैं, जहां उन्होंने भारत-पाक के बीच 10 मई को हुए संघर्षविराम के फैसले का स्वागत किया था।