Home Hindi उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 संदिग्ध आतंकी ढेर;...

उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 संदिग्ध आतंकी ढेर; सर्च ऑपरेशन जारी

September 17,2026 Fact  Recorder 

National Desk:  जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के मजल्टा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई में दो संदिग्ध आतंकियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। इलाके में अभी तलाशी अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात मजल्टा के दूरदराज इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और संदिग्ध आतंकियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

गुरुवार तड़के सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को मार गिराया। उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों के विदेशी होने और पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद से संभावित संबंध होने की जांच की जा रही है।

इलाके में तलाशी अभियान जारी

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। संयुक्त अभियान में सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, पैरा स्पेशल फोर्सेज और जम्मू-कश्मीर पुलिस शामिल हैं।

हाल में बडगाम में भी हुई थी मुठभेड़

उधमपुर की घटना से कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक कमांडर के मारे जाने की खबर सामने आई थी। इसके बाद से सुरक्षाबलों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों को लेकर निगरानी और तलाशी अभियान जारी रखा है।