Home Gallery पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की छापेमारी

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की छापेमारी

पंजाब 09 May 2026 Fact Recorder

Punjab Desk :  पंजाब की राजनीति में शुक्रवार को उस समय हलचल मच गई जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कैबिनेट मंत्री Sanjeev Arora के सरकारी आवास समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह करीब 7 बजे सेक्टर-2 स्थित सरकारी कोठी पर ED की टीमें भारी सुरक्षा बलों के साथ पहुंचीं। लगभग 20 वाहनों के काफिले के साथ आए अधिकारियों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई PMLA 2002 के तहत की जा रही है। ED चंडीगढ़ और दिल्ली-NCR में संजीव अरोड़ा और उनके करीबी सहयोगियों से जुड़े कुल चार ठिकानों पर जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार यह छापेमारी दो दिन पहले शुरू हुई बड़ी जांच का हिस्सा है, जिसमें बिल्डर अजय सहगल, मोहिंदर सिंह और अन्य कारोबारियों के ठिकानों पर भी रेड की गई थी।

इसी दौरान मोहाली जिले के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर में चल रही ED की कार्रवाई देर रात खत्म हुई। यह सर्च ऑपरेशन करीब 40 घंटे तक चला। कारोबारी नितिन गोहिल और प्रीतपाल सिंह ढींढसा के घरों और दफ्तरों में भी लगातार जांच जारी रही। हालांकि किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि ED अधिकारी कई दस्तावेज और बैग अपने साथ ले गए हैं।

इस मामले पर पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और BJP पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि संजीव अरोड़ा के घर एक साल में तीसरी और एक महीने में दूसरी बार ED पहुंची है, लेकिन अब तक कुछ भी बरामद नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पंजाब को डराया नहीं जा सकता और विरोधी आवाजों को दबाने की कोशिश की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक ED अब बिल्डर और कारोबारी नेटवर्क से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग, संदिग्ध लेन-देन और वित्तीय रिकॉर्ड की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे मामले को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।