Home Hindi कांग्रेस को खाली करना होगा 24 अकबर रोड का ऐतिहासिक मुख्यालय, पार्टी...

कांग्रेस को खाली करना होगा 24 अकबर रोड का ऐतिहासिक मुख्यालय, पार्टी कानूनी विकल्पों पर कर रही विचार

25 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  कांग्रेस पार्टी को अपने राष्ट्रीय मुख्यालय 24 अकबर रोड और 5 रायसीना रोड स्थित कार्यालय खाली करने का नोटिस मिला है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक इन दोनों स्थानों को खाली करने की अंतिम तारीख 28 मार्च तय की गई है। इंदिरा गांधी के समय से 24 अकबर रोड कांग्रेस का प्रमुख दफ्तर रहा है और यह कई अहम राजनीतिक फैसलों और घटनाओं का गवाह रहा है।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस इस मामले में उपलब्ध कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है। साथ ही पार्टी सरकार से कुछ समय की मोहलत मांगने की योजना भी बना रही है। इस दौरान पार्टी की कोशिश होगी कि अशोक गहलोत या दिग्विजय सिंह जैसे किसी वरिष्ठ नेता को राज्यसभा भेजकर उनके नाम पर इस बड़े बंगले का आवंटन कराया जा सके, जिससे कार्यालय को बनाए रखा जा सके।

कांग्रेस का 24 अकबर रोड और 10 जनपथ के बीच वर्षों से गहरा संबंध रहा है। एक-दूसरे के पास स्थित ये दोनों जगहें लंबे समय तक पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों और अहम बैठकों का केंद्र रही हैं।

दरअसल, आजादी से पहले कांग्रेस का मुख्यालय इलाहाबाद में मोतीलाल नेहरू के घर आनंद भवन में हुआ करता था। 1947 के बाद पार्टी का हेडक्वार्टर नई दिल्ली में स्थानांतरित कर दिया गया।

साल 1969 में कांग्रेस में पहली बड़ी टूट के बाद इंदिरा गांधी की कांग्रेस का नियंत्रण 7 जंतर-मंतर स्थित कार्यालय से खत्म हो गया था। इसके बाद उन्होंने विंडसर प्लेस में पार्टी के वफादार नेता एम.वी. कृष्णप्पा के घर पर अस्थायी कार्यालय बनाया।

बाद में 1971 में कांग्रेस का कार्यालय 5 राजेंद्र प्रसाद रोड पर शिफ्ट हुआ और फिर 1978 में इसे 24 अकबर रोड स्थानांतरित कर दिया गया, जो लंबे समय तक पार्टी का केंद्रीय मुख्यालय बना रहा।