Home Hindi कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन, लवलीना समेत 10 बॉक्सर...

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन, लवलीना समेत 10 बॉक्सर फाइनल में, गोल्ड पर नजर

1 August 2026 Fact Recorder

Sports Desk: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के नौवें दिन लवलीना बोरगोहेन, नरेंद्र बेरवाल और सचिन सिवाच ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली। भारत के 14 सदस्यीय बॉक्सिंग दल में से 10 मुक्केबाज फाइनल में पहुंच चुके हैं, जिससे देश को कई स्वर्ण पदकों की उम्मीद है।

पुरुषों के 90+ किग्रा वर्ग में नरेंद्र बेरवाल ने त्रिनिदाद और टोबैगो के नाइजेल पॉल को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं 60 किग्रा वर्ग में सचिन सिवाच ने वेल्स के ओवेन हैरिस-एलन को मात देकर स्वर्ण पदक मुकाबले में प्रवेश किया।

महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में लवलीना बोरगोहेन ने तुवालु की तारोना खानम बादी पासोनी ताफाकी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब गोल्ड मेडल के लिए उनका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री से होगा।

फाइनल में पहुंचने के बाद लवलीना ने कहा कि अब चुनौती और कठिन होगी, लेकिन उनकी पूरी कोशिश स्वर्ण पदक जीतने की रहेगी। उन्होंने कहा कि टीम की तैयारी बेहतरीन रही है और कोच की रणनीति पर अमल करते हुए वे गोल्ड जीतने का पूरा प्रयास करेंगी।

भारत के जिन 10 मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बनाई है, उनमें साक्षी चौधरी, प्रीति पवार, जैस्मिन लैम्बोरिया, प्रिया घनघस, अरुंधति चौधरी, लवलीना बोरगोहेन, जदुमणि सिंह, सचिन सिवाच, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बेरवाल शामिल हैं।

बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के अध्यक्ष अजय सिंह ने भारतीय मुक्केबाजों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि देश में बॉक्सिंग लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए सबसे अधिक पदक बॉक्सिंग से आएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि शाम के सत्र में भारत के पांच और मुक्केबाज स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगे।