Home Himachal फतेहपुर में CM सुक्खू के बड़े ऐलान: 151 स्कूल होंगे CBSE पैटर्न...

फतेहपुर में CM सुक्खू के बड़े ऐलान: 151 स्कूल होंगे CBSE पैटर्न पर, हिमकेयर घोटाले की होगी जांच

22 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फतेहपुर दौरे के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 151 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर बदला गया है और इन स्कूलों में 30 जून तक शिक्षकों की नियुक्ति पूरी कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार को वर्तमान सरकार की तुलना में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये अधिक मिले थे, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए हजारों करोड़ रुपये की लागत से ऐसी इमारतें बनाई गईं, जो आज भी खाली पड़ी हैं।

हिमकेयर योजना में सामने आई अनियमितताओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कई मामलों में फर्जी तरीके से ऑपरेशन दर्ज किए गए हैं। इस पूरे मामले की जांच के लिए सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार प्राकृतिक हल्दी, दूध और मछली जैसे उत्पादों की समर्थन मूल्य पर खरीद कर रही है। साथ ही, कांगड़ा जिले के ढगवार में 200 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अनाथ बच्चों, विधवाओं और एकल महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि ‘अपना परिवार–सुखी परिवार योजना’ के तहत गरीब परिवारों को पेंशन, मुफ्त बिजली और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।