September 28,2026 Fact Recorder
Punjab Desk: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से दु*ष्कर्म के आरोपों से जुड़े वायरल संदेश के बाद हुए छात्र प्रदर्शन और नेशनल हाईवे जाम के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने डीजीपी गौरव यादव को खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी को छात्रों से बातचीत करने और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाने को भी कहा गया है।
वायरल मैसेज के बाद सड़क पर उतरे छात्र
दु*ष्कर्म के आरोपों से संबंधित एक संदेश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन के लिए बाहर आ गए। प्रदर्शन के दौरान नेशनल हाईवे जाम होने से जालंधर और लुधियाना के बीच यातायात प्रभावित हुआ।
एलपीयू से रामा मंडी होते हुए पीएपी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया।
पुलिस ने बदला ट्रैफिक रूट
रामा मंडी की ओर आने वाले वाहनों को होशियारपुर रोड की तरफ भेजा गया, जबकि जालंधर से कैंट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए कैंट और नकोदर के रास्ते हाईवे पर पहुंचने की व्यवस्था की गई। प्रदर्शन जारी रहने के कारण यातायात सामान्य करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यूनिवर्सिटी ने वायरल दावों को बताया बेबुनियाद
LPU की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेशों और दावों को झूठा, बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताया है। यूनिवर्सिटी का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए अफवाहें फैला रहे हैं, जिससे छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
यूनिवर्सिटी ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर विश्वास करें।
FIR दर्ज, वायरल मैसेज के स्रोत की जांच
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल हुए संदेश के स्रोत का भी पता लगा रही है। साइबर सेल यह जांच कर रहा है कि संदेश सबसे पहले किस नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से सामने आया और बाद में इसे किस तरह प्रसारित किया गया।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की निगरानी बढ़ा दी है। डीजीपी के मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











