Home Haryana पीएम श्री  और मॉडल संस्कृति विद्यालयों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

पीएम श्री  और मॉडल संस्कृति विद्यालयों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

उत्कृष्ट विद्यालयों की उपलब्धियां प्रदेश के अन्य स्कूलों के लिए बनेंगी प्रेरणा: मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 16 अगस्त 2026 Fact Recorder

Haryana Desk: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप हरियाणा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के तीन सर्वश्रेष्ठ पीएम श्री विद्यालयों को सम्मानित किया। पीएम श्री जीएसएसएस गंगवा, हिसार को प्रथम, पीएम श्री जीएसएसएस चक्करपुर, गुरुग्राम को द्वितीय और पीएम श्री जीएसएसएस पाल्हावास, रेवाड़ी को तीसरा सर्वश्रेष्ठ पीएम श्री विद्यालय का पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसी अवसर पर तीन सर्वश्रेष्ठ मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया। जीएमएसएसएसएस शहजादपुर, अंबाला को प्रथम, जीएमएसएसएसएस बबैन, कुरुक्षेत्र को द्वितीय और जीएमएसएसएसएस हांसी को तीसरा सर्वश्रेष्ठ मॉडल संस्कृति विद्यालय का पुरस्कार प्रदान किया गया। ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि PM SHRI योजना का उद्देश्य मौजूदा सरकारी विद्यालयों को मजबूत कर उन्हें उत्कृष्ट विद्यालयों के रूप में विकसित करना है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल, रचनात्मक सोच और बेहतर सीखने के अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में वर्तमान में 251 PM SHRI विद्यालय और 218 वरिष्ठ माध्यमिक मॉडल संस्कृति विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों का चयन मेरिट एवं निर्धारित मानकों पर आधारित प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। विद्यालयों का मूल्यांकन आधारभूत ढांचे, शिक्षण-पद्धति, सीखने के परिणाम, विद्यार्थियों के प्रदर्शन, शिक्षक क्षमता, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और विद्यालय प्रबंधन जैसे मानकों पर किया गया। इन मानकों के लिए निर्धारित वस्तुनिष्ठ संकेतकों का उपयोग करते हुए अंतिम मूल्यांकन किया गया।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इन विद्यालयों की उपलब्धियां प्रदेश के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा बनेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा का हर विद्यालय बेहतर बने और हर बच्चा अपनी प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़े। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि PM SHRI एवं मॉडल संस्कृति विद्यालय ‘विकसित हरियाणा–विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।