Home Chandigarh चंडीगढ़ के कई स्कूलों को ब*म से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते...

चंडीगढ़ के कई स्कूलों को ब*म से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप

August 11, 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk: चंडीगढ़ के कई स्कूलों को एक बार फिर ब*म से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद दहशत का माहौल बन गया। सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल समेत कई प्रमुख स्कूलों को भेजी गई ईमेल में स्कूल की इमारतों के अंदर बम रखे होने का दावा किया गया।

धमकी मिलने के तुरंत बाद चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें स्कूल परिसरों में पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रबंधन ने छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ को इमारतों से बाहर निकाल लिया।

जो छात्र अपने अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे थे, उन्हें तुरंत घर वापस भेज दिया गया, जबकि अन्य छात्रों को सुरक्षित स्थान पर एकत्र किया गया। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा स्कूल परिसरों की पूरी जांच की जा रही है। इमारतों को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही छात्रों और स्टाफ को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

चंडीगढ़ के स्कूलों को इस साल पहले भी कई बार इस तरह की धमकी भरी ईमेल मिल चुकी हैं। इस बार मिली धमकी के पीछे भी खालिस्तान समर्थक समूह का हाथ होने का आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इससे पहले भी चंडीगढ़ के स्कूलों के अलावा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, मेयर कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।

पुलिस की साइबर सेल द्वारा धमकी भरी ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ईमेल कहां से भेजी गई और इसके पीछे कौन लोग हैं।