Home Himachal शिमला में बम ध*मकी से हड़कंप, रोहड़ू SDM कार्यालय और कोर्ट खाली,...

शिमला में बम ध*मकी से हड़कंप, रोहड़ू SDM कार्यालय और कोर्ट खाली, पुलिस अलर्ट

06 May 2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  शिमला में बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। स्कूलों के बाद अब रोहड़ू के एसडीएम कार्यालय और अदालत को उड़ाने की धमकी दी गई है। बुधवार सुबह भराड़ी सड़क पर धमकी भरे पोस्टर मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया।

पोस्टरों में दावा किया गया कि रोहड़ू के एसडीएम ऑफिस और कोर्ट में धमाका होगा, जिसकी गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी। पोस्टर में उर्दू शब्दों को हिंदी में लिखते हुए धमकी दी गई थी और अंत में खुद को “अल्लाह का एक नेक मुजाहिर” बताया गया।

धमकी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए। एसडीएम कार्यालय और अदालत परिसर को खाली करवा लिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया और पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

गौरव सिंह, एसएसपी शिमला के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर सभी वाहनों को परिसर से हटाकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। तलाशी के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है।

पुलिस ने भराड़ी से मिले पोस्टरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां भी धमकी देने वालों का पता लगाने में जुटी हैं। इस मामले में थाना सदर में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।