Sep.14,2026 Fact Recorder
Sports Desk: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के एशिया कप चैंपियन बनने के बाद ट्रॉफी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। फाइनल जीतने के बाद टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। अब इस मामले पर BCCI की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
BCCI सचिव ने क्या कहा?
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भारतीय महिला टीम के फैसले को लेकर कहा कि टीम ने इस कदम के जरिए पिछले साल भारतीय पुरुष टीम के रुख के साथ एकजुटता दिखाई है।
उन्होंने कहा कि 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशवासियों में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट संबंधों को लेकर काफी नाराजगी थी। इसके बावजूद भारत सरकार ने मल्टीनेशन टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति दी। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि भारत हर परिस्थिति या हर शर्त को स्वीकार करेगा।
सैकिया के मुताबिक, मोहसिन नकवी सिर्फ ACC के अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि PCB के चेयरमैन और पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं। ऐसे में भारतीय टीम का उनसे ट्रॉफी लेना उचित नहीं था।
उन्होंने कहा कि महिला टीम ने अपने फैसले से यह स्पष्ट किया है कि वह भारतीय पुरुष टीम के रुख के साथ खड़ी है। BCCI को इस फैसले पर कोई अफसोस नहीं है। बोर्ड और टीम के लिए सबसे महत्वपूर्ण ट्रॉफी हासिल करना नहीं, बल्कि भारत का चैंपियन बनना है और टीम ने यह लक्ष्य हासिल कर लिया है।
कोच अमोल मजूमदार ने भी तोड़ी चुप्पी
BCCI सचिव के बयान से पहले भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने भी ट्रॉफी विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी को लेकर लिया गया फैसला BCCI का था और टीम बोर्ड के साथ खड़ी है।
मजूमदार ने कहा कि टीम के लिए टूर्नामेंट खत्म हो चुका है और सबसे बड़ी बात यह है कि भारतीय महिला टीम चैंपियन बन चुकी है। रिकॉर्ड में दर्ज है कि भारत Women’s Asia Cup 2026 का विजेता है और टीम इसी उपलब्धि से खुश है।
कोच ने यह भी स्पष्ट किया कि अब टीम का ध्यान आगे की चुनौतियों पर है और उनका फोकस एशियन गेम्स पर रहेगा।
श्रीलंका को हराकर चैंपियन बना भारत
भारतीय महिला टीम ने Women’s Asia Cup 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी से जुड़े प्रोटोकॉल के दौरान भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों और दोनों देशों के बीच जारी तनाव को लेकर चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, BCCI ने साफ कर दिया है कि उसके लिए भारतीय टीम की जीत और चैंपियन बनना ही सबसे अहम है।













