September 28,2026 Fact Recorder
National Desk: बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को टाल दिया है। ऐसे में सोमवार से देशभर में बैंक शाखाओं का कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा।
बैंक यूनियनों ने यह फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) की ओर से उनकी प्रमुख मांगों पर चर्चा और समाधान का भरोसा मिलने के बाद लिया है। प्रस्तावित हड़ताल ऐसे समय पर होनी थी, जब बैंक छमाही क्लोजिंग की प्रक्रिया में व्यस्त हैं।
पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पर बनेगी हाईलेवल कमेटी
UFBU और IBA के बीच बनी सहमति के तहत बाकी शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग पर विचार करने के लिए दोनों पक्षों की एक हाईलेवल कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों के साथ चर्चा के बाद समाधान तलाशेगी।
यूनियनों की लंबे समय से मांग रही है कि बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू किया जाए। फिलहाल बैंक दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं।
PLI स्कीम पर भी होगी चर्चा
बैंक यूनियनों और IBA के बीच स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू Performance Linked Incentive (PLI) स्कीम को लेकर भी बातचीत होगी। यूनियनों की चिंताओं और संभावित बदलावों पर चर्चा के बाद जरूरत पड़ने पर सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा जा सकता है।
इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी दोनों पक्ष जल्द बातचीत कर समाधान निकालने पर सहमत हुए हैं।
पहले क्यों घोषित हुई थी तीन दिन की हड़ताल?
UFBU ने पहले 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। यूनियनों का कहना था कि कई लंबित मांगों और पहले हुए समझौतों के मुद्दों पर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। हड़ताल को देखते हुए बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम पहले निपटाने की सलाह भी दी थी।
अब हड़ताल टलने के बाद बैंक शाखाएं 28, 29 और 30 सितंबर को सामान्य रूप से खुली रहेंगी।
इस सप्ताह बैंक कब-कब बंद रहेंगे?
हड़ताल टलने के कारण 28 से 30 सितंबर तक बैंक खुले रहेंगे। इसके बाद 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के चलते राष्ट्रीय अवकाश रहेगा। 3 अक्टूबर को महीने का पहला शनिवार होने के कारण बैंक शाखाएं खुली रहेंगी।
हालांकि, बैंक छुट्टियां राज्य और क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं। इसलिए ग्राहकों को किसी जरूरी बैंकिंग काम से पहले अपने राज्य की बैंक हॉलिडे लिस्ट जरूर जांच लेनी चाहिए।













