4 July 2026 Fact Recorder
National Desk: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी जांच के बीच अब उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में भी दान और चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर मामला चर्चा में आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि आरोपों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। मामले से जुड़े कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हेमंत द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस दावे का भी खंडन किया, जिसमें एक कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति उनका निजी सचिव नहीं, बल्कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का नियमित कर्मचारी है।
समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि 2 जुलाई से वायरल हो रहे आरोपों के बाद शिकायत प्राप्त हुई, जिसके आधार पर बदरीनाथ मंदिर के CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि फुटेज पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, फिर भी सभी उपलब्ध साक्ष्यों और कर्मचारियों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि वित्तीय अनियमितता या चढ़ावे में गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम, 1939 और कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत दोषियों के खिलाफ विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को साझा करने से बचें और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार करें।













