Home Himachal 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, उत्तराखंड के 3...

15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, उत्तराखंड के 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

August 14,2025 Fact Recorder

National Desk: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 14 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत करीब 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।

झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भी भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है।

उत्तराखंड के 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त के बीच भारी से बेहद भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और भूस्खलन की आशंका वाले मार्गों पर एसडीआरएफ की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों तथा संवेदनशील पहाड़ी रास्तों से दूर रहने की अपील की है।

दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई मैदानी राज्यों में भी तेज बारिश और आंधी का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम खराब होने के कारण कई जगहों पर जलभराव, ट्रैफिक प्रभावित होने और पेड़ गिरने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की भी उम्मीद है।