अहमदाबाद, 1 जून 2026 Fact Recorder
Sports Desk: आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाड़ियों ने जमकर जश्न मनाया। इस जश्न का सबसे खास आकर्षण रहे विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा, जिन्होंने डांस फ्लोर पर शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को और भी यादगार बना दिया।
RCB ने 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। जीत के बाद टीम होटल पहुंची तो खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा टीम होटल के अंदर डांस फ्लोर पर मस्ती करते नजर आए। दोनों की खुशी देखते ही बन रही थी। आईपीएल के दौरान इस तरह खुलकर डांस करते हुए विराट और अनुष्का को कम ही देखा गया है।
विराट कोहली ने सिर्फ अनुष्का शर्मा के साथ ही नहीं, बल्कि टीम के मेंटॉर और बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक के साथ भी डांस किया। वहीं, अनुष्का इस खास पल के वीडियो रिकॉर्ड करती भी दिखाई दीं।
जश्न की शुरुआत होटल पहुंचते ही हो गई थी। ढोल की थाप पर सबसे पहले क्रुणाल पंड्या ट्रॉफी के साथ भांगड़ा करते नजर आए। कुछ ही देर में विराट कोहली भी उनके साथ शामिल हो गए और दोनों ने शानदार भांगड़ा कर माहौल को उत्साह से भर दिया।
फाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे। पूरे सीजन में भी विराट RCB के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे।
वहीं, क्रुणाल पंड्या ने भी अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम की सफलता में बड़ा योगदान दिया। उन्होंने सीजन में 226 रन बनाने के साथ 14 विकेट भी हासिल किए। RCB के साथ यह उनका दूसरा और कुल पांचवां आईपीएल खिताब रहा।
RCB की ऐतिहासिक जीत और खिलाड़ियों के जश्न के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें प्रशंसकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।













