Home Gallery स्वीप गतिविधि के तहत वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ किया संवाद

स्वीप गतिविधि के तहत वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ किया संवाद

होशियारपुर, 26 नवंबर 2026 Fact Recorder

Punjab Desk   : आगामी आम चुनावों के मद्देनजर जिला प्रशासन होशियारपुर की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न वर्गों के मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों पर स्वीप टीम होशियारपुर की ओर से आईएएस अधिकारी गुरकंवल सिंह के नेतृत्व में स्थानीय वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान गुरकंवल सिंह ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय बातचीत की और उनके दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं, जरूरतों एवं कठिनाइयों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को लोकतंत्र की मजबूती में मतदान के महत्व से अवगत करवाते हुए आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मतदान के दिन वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष स्वयंसेवकों की टीम तैनात की जाएगी, ताकि उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने और मतदान करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिला प्रशासन उनकी सुविधा के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वीप अभियान के तहत प्रशासन द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर मतदाताओं और वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। इससे पहले विभिन्न आश्रमों में ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों के साथ भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।