मंडी, 25 नवम्बर 2026 Fact Recorder
National Desk : युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) प्रशिक्षण केंद्र मंडी में चार नि:शुल्क प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने बताया कि भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एनएसआईसी द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए ये प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र में महिला टेलरिंग (कटिंग-टेलरिंग), डेटा एंट्री एवं ऑफिस असिस्टेंट, टैली अकाउंटिंग एवं जीएसटी तथा हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग के पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। महिला टेलरिंग और डेटा एंट्री एवं ऑफिस असिस्टेंट का प्रशिक्षण तीन माह का, जबकि टैली अकाउंटिंग एवं जीएसटी तथा हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग का प्रशिक्षण एक-एक माह का होगा।
इन पाठ्यक्रमों के लिए शैक्षणिक योग्यता क्रमशः 9वीं, 10वीं, 12वीं और 10वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को कोई शुल्क नहीं देना होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड की प्रति तथा शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र की फोटोकॉपी के साथ एनएसआईसी प्रशिक्षण केंद्र, पुलघराट मंडी में आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर मंत्रालय एवं एनएसआईसी की ओर से प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए एनएसआईसी प्रशिक्षण केंद्र मंडी के दूरभाष नंबर 01905-226471 और 98160-71471 पर संपर्क किया जा सकता है।













