चंडीगढ़: 06 Oct 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk : पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम अब करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 अक्टूबर से अगले कुछ दिनों तक पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी कुछ गिरावट आने की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल पंजाब में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर को पंजाब के 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर और फतेहगढ़ साहिब शामिल हैं।
इन इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर धूल भरी हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 अक्टूबर तक भी पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
बठिंडा रहा सबसे गर्म
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक पंजाब में अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में तापमान अभी भी सामान्य से करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
पंजाब में सबसे अधिक तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया।
दिल्ली में भी बारिश के आसार
दिल्ली में सोमवार को गर्मी का असर जारी रहा। सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग ने 9 अक्टूबर को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई है। 11 अक्टूबर तक राजधानी में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
इस बीच दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण भी चिंता का विषय बना हुआ है।













