October 03,2026 Fact Recorder
Sports Desk: एशियन गेम्स 2026 के आखिरी दिन भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। आर्चरी में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब गोल्फ में भी भारत ने गोल्ड पर कब्जा कर लिया है। प्रणवी शरथ उर्स ने महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
प्रणवी उर्स ने जीता ऐतिहासिक गोल्ड
प्रणवी शरथ उर्स ने महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वह एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत गोल्फ का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गई हैं।
भारत को इस स्पर्धा के टीम इवेंट में भी रजत पदक मिला। प्रणवी के साथ अदिति अशोक और दीक्षा डागर ने टीम स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
आर्चरी में कुमकुम मोहोद का ऐतिहासिक कमाल
इससे पहले भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने महिला व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में दक्षिण कोरिया की ओ येजिन को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीता। मुकाबला 5-5 से बराबर रहने के बाद शूट-ऑफ में कुमकुम ने 10 अंक हासिल किए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी 8 अंक ही बना सकीं।
कुमकुम की इस जीत के साथ भारत को 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए एक कोटा स्थान भी मिला। वह एशियन गेम्स में व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी हैं।
भारत के नाम 76 मेडल
एशियन गेम्स में भारत की पदक संख्या 76 हो चुकी है। भारत ने अब तक 16 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज सहित कुल 76 पदक जीते हैं और पदक तालिका में पांचवें स्थान पर है।
भारत के लिए एशियन गेम्स का अंतिम दिन बेहद महत्वपूर्ण है। क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच पुरुषों का गोल्ड मेडल मुकाबला है, जबकि हॉकी में भी भारतीय टीम स्वर्ण पदक के लिए मैदान में उतरेगी। इसके अलावा कुश्ती समेत अन्य स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों के पदक दांव पर हैं।













