Home Hindi उज्जैन की शाही मस्जिद पर कार्रवाई से पहले बवाल, पथराव के बाद...

उज्जैन की शाही मस्जिद पर कार्रवाई से पहले बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

September 28,2026 Fact Recorder

National Desk:  मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने की कार्रवाई से पहले सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। मस्जिद के पास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और भीड़ के बीच झड़प हुई तथा पुलिस पर पथराव किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाया जाना है हिस्सा

कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। इसी परियोजना के तहत शाही मस्जिद का करीब 10 फीट हिस्सा सड़क की निर्धारित सीमा में बाधक बताया गया है। प्रशासन की योजना इसी हिस्से को हटाने की है।

बातचीत के बाद खुद हिस्सा हटाने पहुंचे समाजजन

सोमवार सुबह प्रशासन और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई थी। इसके बाद समाज के कुछ लोग मस्जिद के बाधक हिस्से को खुद हटाने के लिए मौके पर पहुंचे। हालांकि वहां नारेबाजी शुरू हो गई और कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया।

पथराव में महिला टीआई घायल

मस्जिद के आसपास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। भीड़ ने इसे हटाने की कोशिश की। इसी दौरान हुए पथराव में क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल को चोट लगने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

सिंहस्थ 2028 को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण

उज्जैन मास्टर प्लान 2035 के तहत कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक करीब 15 मीटर चौड़ा मार्ग प्रस्तावित है। यह मार्ग महाकालेश्वर मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा तट को जोड़ता है। प्रशासन के अनुसार, सिंहस्थ 2028 और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है।

फिलहाल इलाके में स्थिति पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी बनी हुई है।