September 28,2026 Fact Recorder
Education Desk: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन रविवार रात तक उग्र हो गया। प्रदर्शन के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर करीब 20 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
हालात को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 28 सितंबर से अगले 10 दिनों के लिए रेगुलर कक्षाएं स्थगित करने का फैसला लिया है। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र अपना सामान लेकर घरों के लिए रवाना होने लगे।
छात्रों को लेने यूनिवर्सिटी पहुंचे परिजन
हंगामे के बीच कई छात्रों के अभिभावक उन्हें लेने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे। LPU के बाहर छात्रों को अपने सामान के साथ परिजनों के साथ घर लौटते देखा गया। विश्वविद्यालय की ओर से रेगुलर क्लासेज स्थगित किए जाने के बाद परिसर में छात्रों की आवाजाही कम होने लगी।
पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पांच संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। 27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर के अनुसार, पकड़े गए लोगों के पास से एक दरांतीनुमा हथियार और वॉकी-टॉकी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वे कहां से आए थे और प्रदर्शन के दौरान उनकी भूमिका क्या थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईवे पर करीब 20 घंटे रहा असर
LPU में छात्रों के प्रदर्शन के चलते जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई और हाईवे पर यातायात बहाल किया गया।
विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।













