22 सितंबर 2026 Fact Recorder
मनोरंजन डेस्क: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों कई फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। लंबे समय से सिनेमाघरों में चल रही ‘हनुमान अंश’ ने वर्किंग डे पर भी अपनी पकड़ बनाए रखी। वहीं ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। दूसरी तरफ करीना कपूर की ‘दायरा’ और कुणाल खेमू की ‘वाइब’ की कमाई सोमवार को सीमित रही।
46वें दिन भी ‘हनुमान अंश’ का जलवा
‘हनुमान अंश’ को रिलीज हुए 46 दिन हो चुके हैं, लेकिन फिल्म की कमाई अभी भी जारी है। सोमवार को वर्किंग डे होने के बावजूद फिल्म ने करीब 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
फिल्म ने सातवें शुक्रवार को 5 करोड़, शनिवार को 9.75 करोड़ और रविवार को 13.75 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 275.88 करोड़ रुपये बताया गया है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने पार किया 217 करोड़ का आंकड़ा
‘मिर्जापुर द मूवी’ भी दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने रिलीज के 18वें दिन सोमवार को 1.75 करोड़ रुपये कमाए। इससे पहले वीकेंड पर फिल्म का कलेक्शन 12.25 करोड़ रुपये रहा था।
फिल्म की कुल कमाई अब 217.45 करोड़ रुपये हो गई है।
‘वाइब’ का चार दिन में 8.35 करोड़ कलेक्शन
कुणाल खेमू की ‘वाइब’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए चार दिन हो चुके हैं। फिल्म ने पहले वीकेंड में 7.45 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। सोमवार को वर्किंग डे होने के बावजूद फिल्म ने करीब 90 लाख रुपये कमाए।
फिल्म की कुल कमाई अब 8.35 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
‘दायरा’ की कमाई 5 करोड़ के करीब
करीना कपूर की फिल्म ‘दायरा’ बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में 4.50 करोड़ रुपये कमाए थे। सोमवार को फिल्म के खाते में सिर्फ 45 लाख रुपये आए।
चार दिनों के बाद ‘दायरा’ का कुल कलेक्शन 4.95 करोड़ रुपये हो गया है।
‘रेसिडेंट ईविल’ ने सोमवार को कमाए 1.25 करोड़
हॉलीवुड फिल्म ‘रेसिडेंट ईविल’ ने भी वर्किंग डे पर अपनी कमाई बरकरार रखी। फिल्म ने सोमवार को 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
फिल्म ने पहले दिन 2.60 करोड़, शनिवार को 3.35 करोड़ और रविवार को 3.65 करोड़ रुपये कमाए थे। अब तक फिल्म की कुल कमाई 10.75 करोड़ रुपये बताई गई है।













