नई दिल्ली, 21 सितंबर 2026 Fact Recorder
National Desk: दिल्ली हाईकोर्ट को सोमवार को सात नए न्यायाधीश मिले। दिल्ली की विभिन्न निचली अदालतों में तैनात रहे सात न्यायिक अधिकारियों ने दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश और अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पद की शपथ ली।
दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय ने हाईकोर्ट परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सभी नए न्यायिक अधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
दिल्ली हाईकोर्ट के नए जजों में कौन-कौन शामिल?
हाईकोर्ट के न्यायाधीश और अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने वाले न्यायिक अधिकारियों में:
- निवेदिता अनिल शर्मा
- निशा सहाय सक्सेना
- संजय शर्मा
- भरत पाराशर
- अदिति चौधरी
- दिनेश भट्ट
- अरुण भारद्वाज
शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने 19 सितंबर को अधिसूचना जारी कर इन न्यायिक अधिकारियों की दिल्ली हाईकोर्ट में नियुक्ति और पदोन्नति को मंजूरी दी थी।
दिल्ली हाईकोर्ट में अब 50 कार्यरत जज
सात नए जजों की नियुक्ति के बाद दिल्ली हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की कुल संख्या 50 हो गई है। हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 60 स्वीकृत पद हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट की स्थापना 31 अक्टूबर 1966 को हुई थी। उस समय हाईकोर्ट की शुरुआत चार न्यायाधीशों के साथ हुई थी। इनमें न्यायमूर्ति के. एस. हेगड़े, आई. डी. दुआ, एच. आर. खन्ना और एस. के. कपूर शामिल थे।
सात नए न्यायाधीशों की नियुक्ति से दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायिक अधिकारियों की संख्या स्वीकृत पदों के मुकाबले और करीब पहुंची है।













