September 20,2026 Fact Recorder
Sports Desk: भारत ने एशियाई खेल 2026 में अपने पदकों का खाता खोलते हुए निशानेबाजी में रजत पदक जीता है। भारतीय महिला निशानेबाजों की तिकड़ी एलावेनिल वलारिवान, सोनम मस्कर और विदरसा विनोद ने 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
भारतीय टीम ने कुल 1898.0 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ भारत को एशियाई खेलों में अपना पहला पदक मिला और निशानेबाजी अभियान की भी शानदार शुरुआत हुई।
चीन ने जीता स्वर्ण पदक
इस मुकाबले में चीन की टीम ने 1904.2 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीनी निशानेबाजों ने इस दौरान नया विश्व रिकॉर्ड भी कायम किया।
वहीं, मेजबान जापान की टीम ने 1897.1 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक जीता।
भारत की पदक मुहिम को मिली मजबूत शुरुआत
एलावेनिल वलारिवान, सोनम मस्कर और विदरसा विनोद की इस उपलब्धि के साथ भारत ने एशियाई खेल 2026 में अपनी पदक मुहिम की शुरुआत कर दी है। निशानेबाजी में भारत की ओर से कई अन्य स्पर्धाओं में भी चुनौती पेश की जाएगी। ऐसे में भारतीय निशानेबाजों के आगामी मुकाबलों पर सभी की नजरें रहेंगी।













