August 22,2026 Fact Recorder
National Desk: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब 11 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, लौरिया की ओर से बेतिया जा रही तेज रफ्तार शाही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे आयोजित छठिहार समारोह में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। अचानक बस के घुसने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सड़क किनारे चल रहा था ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र दुबे के घर शुक्रवार को छठिहार समारोह आयोजित किया गया था। घर NH-727 के किनारे स्थित होने के कारण समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने के लिए जमा थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस वहां पहुंची और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक भी आ रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई।
मौके पर दो की मौ*त, अस्पताल में तीन ने तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
मृ*तकों के परिवारों में मचा कोहराम
मृ*तकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही पांचों परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-727 पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।













