August 17,2026 Fact Recorder
Education Desk: कांग्रेस ने UGC-NET जून 2026 परीक्षा के तीन पेपर रद्द किए जाने को लेकर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पूछा कि परीक्षा होने के करीब दो महीने बाद प्रश्नपत्रों में गड़बड़ियां क्यों पकड़ी गईं और इस देरी का खामियाजा छात्रों को क्यों भुगतना पड़े?
NTA ने जून में आयोजित UGC-NET परीक्षा के अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के तीन पेपर रद्द कर दिए हैं। इन प्रश्नपत्रों में कई तरह की खामियां पाए जाने के बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है।
NTA की गलती की सजा छात्रों को क्यों?
जयराम रमेश ने कहा कि NTA की समिति की जांच में प्रश्नपत्रों में कई गंभीर त्रुटियां सामने आईं। इनमें प्रमुख विद्वानों के नाम गलत लिखना, किताबों के शीर्षकों में गड़बड़ी, प्रश्नों की भाषा में त्रुटियां और जेंडर से जुड़ी गलतियां शामिल हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि जांच में बड़ी संख्या में ऐसे प्रश्न मिले जो पहले की UGC-NET परीक्षाओं में पूछे जा चुके थे।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि जब परीक्षा जून में हुई थी तो इन गलतियों का पता लगाने में करीब दो महीने क्यों लग गए? उन्होंने कहा कि परीक्षा दोबारा होने के कारण जिन छात्रों को इस साल विभिन्न विश्वविद्यालयों में दाखिला नहीं मिल पाएगा, उनके नुकसान की भरपाई कौन करेगा?
जयराम रमेश ने कहा कि NTA की गलती की सजा छात्रों को नहीं मिलनी चाहिए। कांग्रेस ने सरकार से परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही तय करने और प्रभावित छात्रों के हितों की रक्षा करने की मांग की है।













