बेंगलुरु 13 Aug 2026 Fact Recorder
National Desk : बला*त्कार के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में उनकी बैरक से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। क्राइम ब्रांच का दावा है कि फोन में करीब 80 से 90 अ*श्लील वीडियो डाउनलोड किए गए थे।
यह बरामदगी सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की ओर से जेल में हाई-प्रोफाइल और अन्य कैदियों के खिलाफ चलाए गए अचानक तलाशी अभियान के दौरान हुई। अधिकारियों के अनुसार, फोन में कथित तौर पर ज्यादातर भारतीय अ*श्लील सामग्री वाले वीडियो मिले हैं। इसके अलावा कुछ अखबारों की ऐसी कटिंग्स भी मिलने की बात सामने आई है, जिनमें महिलाओं को कम कपड़ों में दिखाया गया था।
पुलिस ने मोबाइल फोन को विस्तृत फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि वीडियो कब डाउनलोड किए गए थे, फोन का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था और उसमें मौजूद अन्य फाइलों व डिजिटल डेटा की क्या जानकारी है।
पुलिस महानिदेशक (जेल एवं सुधार सेवाएं) आलोक कुमार ने बताया कि CCB ने मंगलवार को जेल में करीब चार से पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एंड्रॉयड फोन जब्त किया गया।
अधिकारी के मुताबिक, 6 अगस्त को भी रेवन्ना की बैरक की तलाशी ली गई थी, लेकिन उस समय कोई प्रतिबंधित सामान नहीं मिला था। CCB ने परप्पना अग्रहारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
घटना के बाद जेल विभाग ने भी कार्रवाई की है। पुलिस महानिदेशक (दक्षिण) की रिपोर्ट के आधार पर सहायक जेल अधिकारी इरन्ना रंगापुर को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। वहीं, बेंगलुरु सेंट्रल जेल के एक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा के पोते और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच.डी. रेवन्ना के बेटे हैं। उन्होंने 2019 से 2024 तक हासन लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। यौन शोषण के मामलों के सिलसिले में उन्हें मई 2024 में गिरफ्तार किया गया था। बाद में ब*लात्का*र के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अगस्त 2025 में बेंगलुरु की विशेष अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी।











