August 12,2026 Fact Recorder
National Desk: 15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए कई सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ऐसे में अगर आप लाल किले पर समारोह देखने जा रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले प्रतिबंधित सामान और प्रवेश से जुड़े नियम जरूर जान लें।
सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण लाल किले के आसपास आने-जाने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में निजी वाहन के बजाय मेट्रो से यात्रा करना सुविधाजनक विकल्प हो सकता है।
लाल किले में प्रवेश के लिए जरूरी नियम
- समारोह स्थल पर प्रवेश निमंत्रण कार्ड के आधार पर होगा।
- सुरक्षा जांच के दौरान आधार कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे मूल पहचान पत्र साथ रखना जरूरी है।
- बड़े बैग, ब्रीफकेस और खाने-पीने की चीजें लेकर न जाएं।
- सुरक्षा जांच में समय लग सकता है, इसलिए निर्धारित समय से पहले घर से निकलें।
- निजी वाहन से जाने वालों को ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंधों का ध्यान रखना होगा।
- आसपास कोई संदिग्ध या लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने के बजाय तुरंत सुरक्षाकर्मियों को सूचना दें।
किन सामानों के साथ नहीं मिलेगी एंट्री?
लाल किले के समारोह स्थल पर सुरक्षा कारणों से कई वस्तुओं को ले जाने पर रोक रहेगी। इनमें शामिल हैं:
- खाने-पीने की चीजें, केचप और सॉस
- बैग, थैला और ब्रीफकेस
- कैमरा, दूरबीन और हैंडीकैम
- रेडियो, ट्रांजिस्टर, टेप रिकॉर्डर और पेजर
- थर्मस, पानी की बोतल, कैन और छाता
- पटाखे, बारूद, फ्लेयर्स और अन्य विस्फोटक
- लैपटॉप, टैबलेट, आईपैड, आईपॉड, पेनड्राइव, सीडी/डीवीडी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
- सिगरेट, बीड़ी और लाइटर
- माचिस, शराब, एरोसोल, जेल, पेस्ट, इत्र और स्प्रे
- हथौड़ा, ड्रिल, आरी, तलवार, कटार और पेचकस
- मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, पावर बैंक और अतिरिक्त बैटरी
- रेजर, ब्लेड, चाकू, कैंची, तार और अन्य नुकीली वस्तुएं
- खिलौना बंदूकें
- केमिकल और अन्य खतरनाक पदार्थ
समय से पहले पहुंचना बेहतर
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लाल किले के आसपास सुरक्षा जांच और ट्रैफिक प्रतिबंध सामान्य दिनों की तुलना में अधिक सख्त रहेंगे। इसलिए कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को सलाह है कि वे जरूरी पहचान पत्र और निमंत्रण कार्ड साथ रखें, प्रतिबंधित सामान घर पर ही छोड़ें और समय से पहले समारोह स्थल के लिए रवाना हों।













