Home Education झारखंड में JPSC को लेकर बड़ा फैसला, 14वीं पीटी समेत 3 परीक्षाएं...

झारखंड में JPSC को लेकर बड़ा फैसला, 14वीं पीटी समेत 3 परीक्षाएं होंगी रद्द; जांच के भी आदेश

August 12, 2026 Fact Recorder

Education Desk:  झारखंड में JPSC परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा ऐलान किया है। विधानसभा के मानसून सत्र में उन्होंने कहा कि 14वीं JPSC पीटी परीक्षा के साथ दो बैकलॉग परीक्षाओं को भी रद्द किया जाएगा। इसके अलावा, परीक्षा आयोजित कराने वाली TDPL एजेंसी के माध्यम से हुई प्रक्रिया की जांच कराने की घोषणा भी की गई है।

सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार का बड़ा कदम

छात्र लंबे समय से 14वीं JPSC पीटी परीक्षा को रद्द करने, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में परीक्षा प्रणाली में सुधार के साथ मामले की निष्पक्ष जांच भी शामिल है।

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब 14वीं JPSC पीटी और दो बैकलॉग परीक्षाओं को रद्द करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

‘स्टूडेंट्स वॉइस विद स्टूडेंट्स’ अभियान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर ‘स्टूडेंट्स वॉइस विद स्टूडेंट्स’ अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत अब तक 8,500 से ज्यादा युवाओं ने परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर सुझाव दिए हैं।

इन सुझावों में OMR शीट, परीक्षा कैलेंडर, स्कोरकार्ड, प्रश्नपत्र, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और JPSC समेत अन्य आयोगों में जरूरी सुधार जैसे मुद्दे शामिल हैं।

परीक्षा व्यवस्था में सुधार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल मौजूदा समस्याओं पर चर्चा करना नहीं, बल्कि ऐसी परीक्षा व्यवस्था तैयार करना है जो युवाओं के लिए अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष, सुरक्षित, भरोसेमंद और जवाबदेह हो।

उन्होंने युवाओं से परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए लगातार अपने सुझाव साझा करने की अपील की है।

क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं छात्र?

झारखंड में छात्र JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने के साथ मामले की CBI जांच, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और पूरी भर्ती प्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं।

अब सरकार की ओर से तीन परीक्षाओं को रद्द करने और TDPL एजेंसी की जांच के ऐलान के बाद छात्रों के आंदोलन पर क्या असर पड़ता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।