Home Hindi गांवों के सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए CJP का...

गांवों के सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए CJP का देशव्यापी अभियान, 15 अगस्त से शुरू होगा ‘सरपंच चैलेंज’

August 11,2026 Fact Recorder

National Deak: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने देशभर के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए एक देशव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। यह अभियान 15 अगस्त से शुरू होगा। इसके तहत अभिभावकों से स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं का ‘सोशल ऑडिट’ करने और गांवों के सरपंचों से सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की जिम्मेदारी उठाने की अपील की गई है।

दीपके ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत महाराष्ट्र स्थित उनके गांव हिंगोली से की जाएगी। वह गांव के सरपंच से मुलाकात कर स्थानीय सरकारी स्कूल की स्थिति सुधारने का आग्रह करेंगे।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के इतने वर्षों बाद भी गांवों के सरकारी स्कूलों की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। उनका सवाल था कि जब देश में नई संसद और नया प्रधानमंत्री आवास बनाया जा सकता है, तो गांवों में बेहतर और आधुनिक सरकारी स्कूल क्यों नहीं बनाए जा सकते। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों के बच्चों को भी देश का भविष्य मानते हुए उन्हें बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए।

दीपके ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को उजागर करते हुए कहा कि आज भी कई गांवों के बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। कई सरकारी स्कूलों में पीने के साफ पानी सहित जरूरी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। इसका सबसे अधिक असर छात्राओं पर पड़ता है और उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर सबसे बड़ी पहल ग्रामीण सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की होनी चाहिए। अभियान के माध्यम से अभिभावकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को स्कूलों की वास्तविक स्थिति की निगरानी करने तथा सुविधाओं में सुधार के लिए जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।