Home Haryana यमुनानगर में मकान पर गिरी आकाशीय बिजली, परिवार बाल-बाल बचा; घर को...

यमुनानगर में मकान पर गिरी आकाशीय बिजली, परिवार बाल-बाल बचा; घर को भारी नुकसान

4 August 2026 Fact Recorder

Haryana Desk: हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र स्थित गांव फेरूवाला में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बारिश शुरू होने पर परिवार कुछ मिनट पहले ही आंगन से कमरे के अंदर चला गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 3 बजे हल्की बारिश शुरू होने पर परिवार के सदस्य आंगन में बिछे बिस्तर समेटकर कमरे में सोने चले गए। कुछ ही मिनट बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे मकान पर आ गिरी। धमाका इतना तेज था कि पूरा परिवार घबरा गया और कमरे के अंदर छत से सीमेंट के टुकड़े गिरने लगे।

मकान को हुआ भारी नुकसान

बाहर निकलकर देखा गया तो मकान की छत और दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी थीं। घर के बाहर बना छज्जा भी टूटकर गिर गया, जिसके नीचे रखा कूलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

मजदूरी कर चलाता है परिवार

गांव के सरपंच रवि ने बताया कि पीड़ित शंटी कुमार, पुत्र जसबीर सिंह, अपने माता-पिता, छोटे भाई, पत्नी और बेटी के साथ गांव के बस अड्डे के पास बने डेरे में रहता है। परिवार मजदूरी करके अपना गुजारा करता है।

सरपंच के अनुसार, यदि परिवार समय रहते कमरे के अंदर नहीं गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।

प्रशासन से मुआवजे की मांग

घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह पटवारी अनिल मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। पूरे मामले की जानकारी प्रशासन को भी दे दी गई है।

सरपंच रवि ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और मजदूरी पर निर्भर है। ऐसे में सरकार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देकर परिवार की आर्थिक सहायता करनी चाहिए।